ललितपुर। मेडिकल स्टोर से दवा लेकर लौट रहे साइकिल सवार ग्रामीण को ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम दैलवारा निवासी हरीराम (45) पुत्र रामचरन शनिवार शाम को अपनी साइकिल से ग्राम नयाखेड़ा स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए गया था। रात को दवा लेकर घर वापस लौट रहा था। अभी वह अमरपुर गांव के पास पहुंचा था। तभी तेज रफ्तार भाग रहे ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव के लोग घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाई-दो बहन में सबसे बड़ा था। उसके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। पुत्र ग्यासी ने ट्रैक्टर की टक्कर से पिता की मौत हो जाने की बात कही है।