ललितपुर। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल दोनों अंतरराज्यीय भैंस तस्करों को रविवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उनकी सेहत में सुधार हुआ है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उनके तीन अन्य साथियों के साथ न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
शनिवार शाम को थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम गढौली और सैपुरा के बीच देवगढ़ के जंगल में पुलिस और अंतरराज्यीय भैंस तस्कर गिरोह के लोगों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह के सोहिल निवासी करारी झांसी और जमील निवासी ग्राम मैलवारा के पैरों में गोली लग गई थी और वह घायल हो गए थे। जबकि, घेराबंदी करके गिरोह के तीन सदस्य कमलेश राठौर निवासी ग्राम रजवारा, बबलू अहिरवार और वीरेंद्र चौधरी निवासी ग्राम मैलवाराखुर्द को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों सोहिल और जमील को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां वार्ड के बाहर और अंदर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। रविवार को पुलिस ने जिला अस्पताल से दोनों घायलों को और उनके तीन साथी कमलेश, बबलू व वीरेंद्र को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।