संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमलोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को साइबर सेल टीम ने थाना जाखलौन के साइबर सेल प्रभारी योगेश यादव के नेतृत्व में कस्बा जाखलौन के बुंदेलखंड इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों/ इनवेस्टमेंट फ्रॉड को लेकर जागरूक किया। इसके साथ अन्य प्रकार के साइबर अपराधों व ठगी के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ इससे बचाव के उपाय बताए गए।
इसमें बताया गया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फोन कॉल, एसएमएस और फर्जी वेबसाइट, मोबाइल एप के माध्यम से लोगों को शिकार बनाते हैं। ठग कम समय में अधिक लाभ, शेयर मार्केट, क्रिप्टो करेंसी में निवेश, ऑनलाइन ट्रेडिंग, घर बैठे कमाई का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते हैं। शुरूआत में छोटी धनराशि का लाभ दिखाकर विश्वास कायम करने के बाद पीड़ित से अधिक धनराशि निवेश कराई जाती है। इसके बाद में धनराशि निकालने के नाम पर विभिन्न प्रकार के शुल्क, टैक्स की मांग करके लगातार ठगी की जाती है। इसके साथ पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, सीवीवी, एटीएम, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अज्ञात स्रोत से प्राप्त एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचें। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रयोग करने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज से सावधान रहने और किसी भी प्रकार के ऑनलाइन निवेश से पूर्व संबंधित संस्था, प्लेटफार्म की विश्वसनीयता की जांच करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान पुलिसकर्मी नागेश, सर्वेश कुमार, दीपांशु और महिला आरक्षी मनीषा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
-
साइबर ठगी होने पर करें हेल्पलाइन का प्रयोग
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया कि ठगी होने की स्थिति में पीड़ित बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। नेशनल साइबर क्राइम रिर्पोटिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वह स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें और अपने परिवारजनों व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।