- कहीं फैली गंदगी, तो कहीं बंद पड़े फव्वारे, बच्चों के खेलने के झूले भी नदारद
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका ने करोड़ों रुपये खर्चकर पार्क निर्माण कराए हैं, जिससे लोगों को सैर-सपाटे के लिए एक साफ-स्वच्छ स्थान मिल सके। वहीं, इनमें सुविधाओं के नाम पर झूले, फव्वारे और पेड़-पौधे लगवाए थे लेकिन आलम यह है कि कई पार्काें की हालत बदतर है।
वर्तमान में पार्कों में गंदगी, टूटे झूूले व बंद पड़े फव्वारे दिखाई दे रहे हैं। यह हालत शहर के बीचों-बीच के पार्कों की है, जबकि अधिकारी कई बार नियमित देखभाल के आदेश नगर पालिका को जारी कर चुके हैं, लेकिन फिर भी हालत में सुधार नहीं आ रहा है। शहर के कर्मा बाई पार्क, सुपर मार्केट के महाराजा अग्रसेन पार्क व चिंतन पार्क की भी यही हालत है। इन पार्कों को देखकर ऐसा लगता है, पालिका इन्हें बनवाने के बाद जैसे भूल गई है। यहां की बदहाल स्थिति देखकर ऐसा ही लग रहा है। गर्मी के मौसम में बच्चे इन पार्कों में खेलने जाएंगे लेकिन इन अव्यवस्थाओं को बीच उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पेश है शहर के प्रमुख पार्को का आंखों देखा हाल....।
दृश्य एक
फोटो- 28
आवारा जानवर कर रहे विचरण
कर्माबाई पार्क में खुलेआम लोग बकरी, घास चर रहे हैं, कोई भी वहां देखभाल व सुरक्षा के लिए मौजूद नहीं है। यही कारण है कि हाल ही में निर्मित पार्क अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है।
दृश्य दो
फोटो- 27
टूटा पड़ा फव्वारा
कर्माबाई पार्क में हजारों रुपये की लागत से राजस्थानी पत्थर से फव्वारा निर्मित कराया था। लेकिन वर्तमान में यह फव्वारा बंद पड़ा हुआ है। यहां पर पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है।
दृश्य तीन
फोटो- 26
टूटे पड़े झूले, नहीं होता ओपन जिम का उपयोग
कर्माबाई पार्क में रखरखाव के अभाव में वहां लगे झूले टूट गए हैं, साथ ही वहां उचित व्यवस्थाओं के न होने के कारण लोगों ने आना बंद कर दिया है। जिससे यहां पर स्थापित ओपन जिम का भी उपयोग नहीं होता है। तो वहीं, चारों ओर गंदगी फैली हुई है।
दृश्य चार
फोटो- 29
महाराजा अग्रसेन पार्क में गंदगी का अंबार
सुपर मार्केट में महाराजा अग्रसेन के नाम पर पार्क का निर्माण कराया गया है। यहां पर महाराजा अग्रसेन की मूर्ति भी स्थापित है, लेकिन नगर पालिका यहां सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं देती है। यहां पर शराब के पाउच पड़े हैं, उससे ऐसा लग रहा है, कि यहां पर महीनों से सफाई नहीं हुई है, तो वहीं फल एवं सब्जी मंडी वालों का भी इस पार्क पर अवैध कब्जा है।
दृश्य पांच
फोटो- 34
चिंतन पार्क का भी बुरा हाल
सुपर मार्केट में ही चिंतन पार्क है, इसमें वरिष्ठ पत्रकार बाबू ज्ञानचंद्र अलया की मूर्ति स्थापित की गई है। इस पार्क का यही हाल है। यहां पर कचरे के ढेर व शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं। इस पार्क की नियमित सफाई के लिए प्रभारी मंत्री ने हाल ही में आदेश जारी किया था, लेकिन इसके बाद भी यहां पर गंदगी का अंबार नजर आ रहा है।
-
पार्कों में टूटे झूले की मरम्मत कराने, नियमित सफाई कराने के लिए एक सचल दल बनाया जाएगा। जो गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करेगा। -दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद