बिरधा (ललितपुर)। गोवंश आश्रयस्थल के प्रबंधन पर प्रतिमाह करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी गोवंश सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। रविवार को मुख्य बाजार के पुराना सागर रोड पर कई गोवंश खड़े थे, जबकि एंबुलेंस पशुओं के हटने का इंतजार कर रही थी।
कस्बा बिरधा के मुख्य बाजार के पुराना सागर रोड पर मस्जिद तिराहे के पास गोवंश कब्जा जमाए रहते हैं। इन जानवरों की वजह से यातायात प्रभावित भी हो रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाली एंबुलेंस 10-10 मिनट तक गोवंश के झुंड में फंसी रहती हैं। इसी रास्ते पर ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कृषि बीज गोदाम, खंड शिक्षा अधिकारी का ऑफिस, किसान इंटर कॉलेज स्थित है। जानवरों की वजह से कई राहगीर बाइक से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पशुपालन विभाग गोवंश आश्रयस्थलों में 30 हजार गोवंश को संरक्षित बता रहा है।