मड़ावरा। तहसील क्षेत्र के ग्राम बिघाई निवासी किसान ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर कहा कि उसने दुकान से कीटनाशक लेकर खेत में छिड़काव कर दिया,जिससे खेत में मटर की फसल झुलस गई। पीड़ित ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम बिघाई निवासी माखन कपूरे कुशवाहा ने बताया कि उसने अपने पांच एकड़ के खेत में बोई मटर की फसल में से खरपतवार हटाने के लिए कस्बे की एक दुकान से एक लीटर कीटनाशक दवा खरीदी थी। आरोप है कि दुकानदार द्वारा मटर की जगह गेहूं की फसल की कीटनाशक दवा दे दी। खेत में दिए गए कीटनाशक का छिड़काव करने से उसके खेत में खड़ी मटर की हरी फसल सूख कर बर्बाद हो गई। पीड़ित किसान ने बताया कि उसने कर्ज लेकर खाद-बीज का इंतजाम कर खेत में फसल बोई थी जो गलत दवाई के चलते बर्बाद हो गई। जिससे उसे लाखों का नुकसान हो गया। पीड़ित ने जांच कर कार्रवाई करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है।