पारौल गांव के खेतों खड़ी फसल को खाते जानवर
- फोटो : LALITPUR
ङोगरा खुर्द ( ललितपुर)। नाराहट क्षेत्र के किसानों ने खेतों की खड़ी फसलें आवारा जानवरों से उजड़वा दीं हैं। उनका कहना है कि लगातार बारिश होने से खरीफ की उड़द, मूंग, तिली, सोयाबीन की फसलें पूर्ण रूप से खराब हो चुकी हैं। फसलों के फूल बारिश से सड़कर गिर गए, अब खेत में डंठल खड़े रह गए हैं। खेतों की कटाई सफाई कराने में लागत ज्यादा आ रही और उपज की कोई आशा नहीं है। खेत खाली होने के बाद वह रबी की फसल के लिए खेत तैयार करेंगे।
किसानों का कहना है कि रबी की फसल बुवाई कहां से होगी बैंक व साहूकारों से तो पहले से ही कर्ज लिए बैठे हैं और दूसरी ओर परिवार की आजीविका, शादी-विवाह खेती से चलती थी, ऐसे में किसान परेशान है। क्षेत्र के ग्राम डोंगरा खुर्द, पारौल ,पटना, गुरयाना चांदोरा, बरेजा, गुढा,खिरिया आदि गांवों के खेतों में खड़ी फसलों में किसान जानवर छोड़ रहे हैं जिससे खेत जल्द से जल्द खाली हो जाए।
इस साल ज्यादातर खेतों से बीज निकले की आशा नहीं रह गई है इसलिए किसानों ने खेत जानवरों से उजड़वा दिए है।- पंकज उपाध्याय
लगातार बारिश होने से जब फसलों पर फूल आया तहत बूंद की वजह से फूल झड़कर नीचे गिर गया जिससे फलियां नहीं आ पाईं। - कांशीराम
हजारों की कीटनाशक दवाओं का प्रयोग किया कि अच्छी उपज होगी लेकिन अरमानों पर पानी फिर गया, खेतों से बीज भी नहीं निकल रहा।- मोहन दुबे
डोंगराखुर्द में फसल को चटते जानवर- फोटो : LALITPUR