गोविंद नगर लार्वीसाइड का स्प्रे करती मलेरिया टीम
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिले में डेंगू का बढ़ता प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे अब मरीजों की संख्या 16 पहुंच गई है। इनमें 13 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जिनमें एक वृद्ध की मौत भी हो चुकी है। वर्तमान में एक मरीज मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। एक मरीज की खोज की जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है कि डेंगू एक गंभीर बीमारी है। इससे सजग रहकर बचाव के नियमों का पालन करें।
जनपद में वेक्टर जनित और कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा बैठकों में जलभराव की निकासी और साफ - सफाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लार्वा नाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। आम लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिसमें स्टीकर और पंफ्लेट और अधिकारियों के द्वारा बचाव के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
लेकिन कई प्रयास धड़ाम उड़ते जा रहे हैं। यहां पर बीते चार दिनों में दो शहर और एक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें ब्लॉक बार अंतर्गत ग्राम भैलोनी सूबा निवासी 23 वर्षीय व्यक्ति को बुखार आ रहा था। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया, लेकिन स्वस्थ न होने पर परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां पर एनएस-1 जांच पॉजिटिव आई जिसका इलाज जांच के लिए सैंपल लिया गया जिसकी 22 सितंबर को आई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इसी प्रकार शहर के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी 11 वर्षीय बालक को बुखार आया, जिसे इलाज में आराम न होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां पर 22 सितंबर को सैंपल की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई।
इसी प्रकार शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी 17 वर्षीय बालक को बुखार आ रहा था, जिसकी जांच में डेंगू की पुष्टि पाई गई है। जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या से विभागीय तैयारियों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
यह है डेंगू के मरीजों की स्थिति
जनपद में अब तक डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 16 पहुंच गई है। इनमें 12 डेंगू के मरीज अस्पतालों से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए हैं। एक मरीज घर पर ही उपचार लेकर स्वस्थ हो गया। एक वृद्ध मरीज की मौत भी हो चुकी है। वर्तमान में एक मरीज अस्पताल में भर्ती है और एक मरीज की खोज की जा रही है।
डेंगू मरीज के घर के आसपास में लार्वा नाशक दवा का छिड़काव किया गया है। नालियों की सफाई के लिए निर्देशित किया गया है। केएस सिंह यादव, जिला मलेरिया अधिकारी