ललितपुर (ब्यूरो)। जखौरा थाना के अंतर्गत ग्राम अंधियारी में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की गई। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
ग्राम अंधियारी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समय से ही संवेदनशील बना हुुआ है। ग्रामीणों ने गांव में चुनावी रंजिश में दबंगों द्वारा मारपीट करने की शिकायत की है। ग्राम अंधियारी निवासी नरेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने घर पर था, इसी दौरान रात में करीब साढ़े नौ बजे गांव के हनुमत अपने साथियों के साथ आए और मारपीट करने लगे।
नरेंद्र को बचाने आए उसके परिजनों को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने हनुमत, रम्भा, वंशी, मनीराम, धनीराम, रेखा, सरोज, मीरा और विन्नू पर एक राय होकर हमला करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, ग्राम अंधियारी निवासी रामेश्वर ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की रात वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान गांव का रविंद्र प्रताप उर्फ रघुराजा अपने आधा दर्जन साथियों के साथ आ धमका और मारपीट करने लगा। हमलावर अपने साथ लाठी व बंदूक लिए थे।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर रविंद्र प्रताप, बेबी राजा, मोहन राजा, अजय प्रताप, भूपेंद्र राजा, धीरज, चंचल राजा पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।