ललितपुर। मड़ावरा थाने के पीछे 11 हजार केवीए विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान एक संविदा कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने कर्मी के साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
बृहस्पतिवार शाम हुई तेज बारिश के कारण बाधित हुई मड़ावरा कसबे की विद्युतापूर्ति सुचारु बनाने के लिए रात 10 बजे थाने के पीछे स्थित 11 हजार केवीए विद्युत लाइन पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान संदिग्ध हालातों में करंट लगने से मरम्मत कार्य करते समय ग्राम रनगांव निवासी जयराम (25 वर्ष) पुत्र भगवान सिंह की मौत हो गई। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भर रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम सात बजे छह साथी जयराम को अपने साथ ले गए थे। रात 12 बजे उसे एक साथी ने सूचना दी कि जयराम अस्पताल में है, जहां पहुंचने पर पता चला कि उसकी करंट लगने से मौत हो गई। घटना के समय पांच साथी नदारद थे। भगवान सिंह का कहना है कि दो दिन पहले जयराम का काम को लेकर साथियों से विवाद हुआ था। इसी के चलते साथियों ने उसकी हत्या करके हादसे का रूप दे दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
इनका कहना है -
मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, इस कारण जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कराया गया है, उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
अजय पाल सिंह
थानाध्यक्ष मड़ावरा
करंट लगने से ग्रामीण की मौत
ललितपुर। राजघाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गैदोरा निवासी एक ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई।
ग्राम गैदोरा निवासी बुद्धराम (49 वर्ष) पुत्र कन्हई शुक्रवार सुबह बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था, डोरी में कट होने की वजह से बुद्धराम को हाथ में करंट लग गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे इलाज के लिए लेकर अस्पताल की ओर रवाना हुए, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।