ललितपुर। बृहस्पतिवार की रात को चोरी का आरोपी हथकड़ी समेत कोतवाली से फरार हो गया। इसकी सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अपनी इज्जत बचाने के लिए आरोपी को फर्जी मुचलके पर जमानत दे दी। वहीं, वह हथकड़ी भी अब तक गायब है, जिससे उसे गिरफ्तार किया गया था।
बृहस्पतिवार की दोपहर नईबस्ती चौकी इंचार्ज मान सिंह पाल ने ललित पैलेस से बीस अप्रैल को लैपटॉप, दो मोबाइल व नकदी चोरी के करने के आरोपी को सिविल लाइन इलाके से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी रोनी एलेक्जेंडर निवासी मुहल्ला पिसनारी बाग बृहस्पतिवार की रात लॉकअप में बंद कर दिया गया।
देर रात आरोपी रोनी ने पहरा पर तैनात कर्मी से लघुशंका जाने की बात कहकर लॉकअप खुलवाया। इसी दौरान रोनी पहराकर्मी को चकमा देकर कोतवाली से मय हथकड़ी के भाग गया। आरोपी के कोतवाली से फरार होने की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में कई जगहों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली है। वहीं जिम्मेदारों ने कार्रवाई व फजीहत से बचने के लिए आरोपी को फर्जी मुचलके पर जमानत दे दी।