ललितपुर। कुछ समय शांत रहने के बाद गल्ला मंडी में एक बार फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। बदमाश रोशनदान तोड़कर एक दुकान से 10 कुंतल तिली व पांच कुंतल सोयाबीन चुरा ले गए।
मुहल्ला गांधीनगर निवासी आनंद जैन की गल्ला मंडी में आनंद ट्रेडर्स के नाम से आढ़त है। उनका गोदाम भी वहीं पर है। शुक्रवार की सुबह कुछ पल्लेदार गोदाम के पीछे गए, तो वहां तिली के दाने फैले हुए दिखाई दिए। जानकारी करने पर पता चला कि आनंद ट्रेडर्स के गोदाम का रोशनदान टूटा है,
पल्लेदारों की सूचना पर गोदाम मालिक आनंद जैन ने गोदाम खोलकर देखा तो वहां से 10 कुंतल की 20 बोरी तिली, पांच कुंतल की 10 बोरी सोयाबीन नहीं मिली। चोरी गए माल की कीमत करीब तीस हजार रुपए बताई जा रही है।
जिस रोशनदान से चोर अंदर घुसे हैं, उसमें से कोई पतला बच्चा ही अंदर जा सकता है। पिछले साल हुई मंडी में चोरी की घटनाओं के खुलासे में भी बच्चों के शामिल होने की बात सामने आई थी। आनंद जैन ने बताया कि उन्होंने पिछले दस दिन से गोदाम नहीं खोला था।
ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की घटना पहले की होगी। गल्ला मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज राजबाबू यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
लैंप से झुलसी
महरौनी कोतवाली के ग्राम मैलवारा खुर्द निवासी प्रताप सिंह की पत्नी रोशनी घर में काम रही थी। इसी दौरान जलता हुआ लैंप उसके ऊपर गिर गया और वह झुलस गई। झुलसी हालत में उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साठ प्रतिशत झुलसे होेने की जानकारी दी गई है।