mehroni deds bodi, lalitur news
- फोटो : amar ujala, jhansi news
ललितपुर। राजघाट बांध में चार शव उतराने की सूचना से हड़कंप मच गया। एक शव बरामद कर लिया गया है, तीन की तलाश जारी है। शव के मध्यप्रदेश से बह कर आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जाखलौन थाना के ग्राम पटौरा खुर्द से लगे राजघाट बांध के किनारे चार शव उतराने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर रमेश चंद्र व सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा मौके पर पहुंचे। हालांकि वहां पर केवल एक महिला का ही शव बरामद हुआ, जो कि बुरी तरह से गल चुका था और शव में नाम मात्र का ही मांस बाकी था। कपड़ों के आधार पर शव महिला का होने की शिनाख्त हुई। ग्राम पटौरा खुर्द के ग्रामीणों ने सोमवार को बताया कि राजघाट बांध के किनारे तीन पुरुष व एक महिला का शव पिछले छह दिनों से दिखाई दे रहा है। छह दिनों से शव दिखाई देने के बाद भी किसी ने सूचना पुलिस को नहीं
दी।
मवार दोपहर सूचना मिलने पर जिलाधिकारी डॉ रूपेश कुुमार ने एसडीएम सदर को व पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान ने सीओ सदर को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो ग्रामीणों के असहयोग के कारण काफी देर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान होना पड़ा। आखिरकार राजघाट बांध से एक महिला का बुरी तरह गल चुका शव बरामद हुआ। महिला के शरीर पर मिले कपड़ों व चूड़ी आदि से अंदाजा लगाया जा रहा है, कि महिला आदिवासी गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली है। गांव वालों ने दबी जुुबान में जरुर बताया कि पिछले छह दिनों से गांव के समीप राजघाट बांध के पानी में चार शव देखे गए, लेकिन बाकी तीन शवों के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस ने महिला शव को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मध्य प्रदेश की निवासी हो सकती है महिला
पिछले दिनों मध्य प्रदेश के भोपाल, बिदिशा, गंजबसौदा आदि इलाकों में भारी बारिश से जमकर तबाही हुई। राजघाट बांध बेतवा नदी पर स्थित है, इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के किसी इलाके में बेतवा नदी के पानी में डूब जाने से महिला का शव बहता हुआ ग्राम पटौरा कलां किनारे पहुंच गया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है, कि मध्य प्रदेश के कई समुदायों में सांप या किसी अन्य जहरीले कीड़े द्वारा काटे जाने पर परिजन शव को जलाने के बजाय पानी में बहा देते हैं। राजघाट बांध में इस समय मध्य प्रदेश के इलाके से कई मरे हुए जानवर भी ग्राम पटौरा खुर्द किनारे पर लगने के कारण बदबू फैला रहे हैं।