ललितपुर। एसपी कार्यालय और कोतवाली सदर के निरीक्षण के बाद डीआईजी ने पुलिस लाइंस सभागार में अधीनस्थों संग बैठक कर अपराध नियंत्रण के दिशा- निर्देश दिए।
डीआईजी अजय मोहन शर्मा ने अधीनस्थों से कहा कि आगामी रमजान का महीना और ईद के त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए बेहद सतर्कता बरती जाए। शांति सुरक्षा समितियों की बैठक करके सभी प्रकार की समस्याओं को पहले ही दूर कर लिया जाए। इसके साथ ही ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू की जाएं। गांव - गांव में हारे हुए और जीते ग्राम प्रधानों संग बैठक करके हालातों की जानकारियां एकत्रित की जाएं।
बीट आरक्षी से हर गतिविधियों की जानकारी ली जाए। थानेदार भी स्वयं गांव में जाकर महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित करके संबंधित के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करें। इसके साथ ही अभियान चलाकर लंबित विवेचनाएं, वांछितों की गिरफ्तारी आदि कार्रवाइयां शीघ्र पूर्ण कर ली जाएं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह, क्षेत्राधिकारी क्राइम ओमकार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहीराम आर्य, टीएसआई नीरज दीक्षित, महिला उपनिरीक्षक प्रीति दीक्षित एवं सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।