ललितपुर। सोमवार सुबह सिलगन रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। मृतक की शिनाख्त सिद्धनपुरा कांशीराम कॉलोनी निवासी जितेंद्र पुत्र रामकिशोर रैकवार के तौर पर हुई। परिजनों ने कॉलोनी में ही रहने वाले कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र की सिद्धनपुरा कांशीराम आवासीय कॉलोनी निवासी जितेंद्र पुत्र रामकिशोर रैकवार (18 वर्ष) इंटर का छात्र था। वह रविवार की रात मोबाइल में रीचार्ज कराने निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं आया तो परिजनों ने तलाश की पर कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह जब उसका बड़ा भाई गोपाल तलाश करते हुए रेलवे स्टेशन से होकर पटरियों से होता हुआ कॉलोनी आ रहा था, तभी उसे खंभा नंबर 1040/16 के पास डाउन ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में भाई का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए।
शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ के अंगूठे के पास एक लड़की का नाम लिखा था। वहीं, मामला प्रेस प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। लड़की के परिजनों को जानकारी होने पर उन्होंने सोमवार की सुबह मृतक के घर आकर पुलिस से शिकायत करने की बात कही थी।
पिता का कहना है कि लड़की व उसके पुत्रों ने उसके पुत्र की हत्या कर शव को पटरियों पर फेंक दिया। वहीं, लड़की की मां ने कोतवाली पुलिस को एक अंजान नंबर से फोन लगाकर उसकी पुत्री से जबरन शादी करने की धमकी देने की शिकायत की थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।