शहर कोतवाली अंतर्गत तालाबपुरा मुहल्ले में दो महीने पहले सेन परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में प्रभावशाली परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ की गई गैंगेस्टर की कार्रवाई के बाद जखौरा ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। न्यायालय ने कैलाश को 28 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गौरतलब हो कि दो महीने पहले तालाबपुरा मुहल्ले में रहने वाले सेन परिवार के साथ सपा से जखौरा ब्लाक प्रमुख कैलाश यादव ने जमकर मारपीट कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की तो आरोपियों ने फिर सेन परिवार के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के कार्रवाई करते हुए कैलाश यादव और उसके पुत्र भवानी यादव के साथ प्यारेलाल के पुत्रों इंदल यादव और राजू यादव के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की।
शुक्रवार को कैलाश यादव ने एडीजे फास्टट्रैक न्यायालय मनोज कुमार शुक्ला की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने कैलाश यादव को 28 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जबकि तीन अन्य आरोपी 20 मार्च को आत्मसमर्पण कर चुके हैं।