हथकड़ी सहित पुलिस हिरासत से भागा
चोरी की वारदात के मामले में पूछताछ के लिए लिया था हिरासत में
दिन भर खाक छानती रही पुलिस पर हत्थे नहीं लगा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया व्यक्ति लघुशंका के बहाने पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। आनन-फानन में पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश की, लेकिन पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के दतिया रिछरा फाटक बाहर निवासी अनिल कुशवाहा को ललितपुर की स्वाट टीम ने चोरी के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। सोमवार को उसे ललितपुर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रात को इसने हाथ में बंधी हथकड़ी की रस्सी को किसी प्रकार काट लिया, लेकिन हथकड़ी का लोहे का छल्ला उसके हाथों में ही फंसा रहा। सुबह पांच से छह बजे के बीच जब वह लघुशंका के लिए लिए गार्ड के साथ बाथरूम गया, इसी दौरान मौका पाकर गार्ड को चकमा देकर भाग निकला। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के भाग जाने की सूचना मिलते ही कोतवाली में हड़कंप मच गया और खोजबीन शुरू की गई। कंपनी बाग की ओर भागने की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी की लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। दिनभर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद भी पुलिस को भागे हुए व्यक्ति का सुराग नहीं मिल सका। गौरतलब है कि कोतवाली पुलिस इन दिनों हर दिन नए कारनामे गढ़ रही है। जहां शहर क्षेत्र में एक ओर वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं, वहीं खुलासों में भी सवालिया निशान खड़े होते रहते हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों की मानें तो हिरासत में लिए गए व्यक्ति से सुबह पूछताछ की जानी थी. लेकिन पूछताछ से पहले ही वह कोतवाली से फरार हो गया। इस कारण उसकी पहचान भी नहीं हो सकी है।
-
पूर्व में भी भाग चुका है आरोपी
कोतवाली से अपराधी के भागने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पिछले साल 28 अप्रैल 2016 को कोतवाली से शातिर चोर हथकड़ी सहित मौके से फरार हो गया था। इसके बाद भी कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नही आया। जनता की सुरक्षा का दम भरने वाली पुलिस अपने महकमे की इज्जत बचाने में नाकाम साबित होती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार भागा हुआ आरोपी कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है।
-
डीजीपी को भेजी सूचना
हथकड़ी सहित कोतवाली से भागने वाले व्यक्ति के मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद लिखित रूप से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके लिए डीजीपी कंट्रोल रूम को कोतवाली पुलिस को लिखित जवाब देना पड़ा। अब देखना यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी उच्चाधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं।
-
इनका कहना है
कोतवाली से हथकड़ी सहित आरोपी के भागने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर क्षेत्राधिकारी को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डा. ओपी सिंह, पुलिस अधीक्षक