विद्युुत स्टोर कीपर पर अब निलंबन की गाज
ललितपुर। विद्युत स्टोर में हुए 16 लाख 92 हजार रुपये के घोटाले में स्टोर कीपर अजय साहू पर के खिलाफ पहले विभाग द्वारा गबन के तहत आपराधिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई, इसके बाद अब विभाग द्वारा विभागीय कार्रवाई करते हुए उक्त स्टोर कीपर पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिरहाल स्टोर कीपर का प्रभार झांसी के भंडार केंद्र के सहायक भंडारी प्रशांत श्रीवास्तव को अस्थाई तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग विभाग के अंतर्गत गल्ला मंडी के आगे स्थित विद्युत भंडार केंद्र में गत दिनों 16 लाख 92 हजार रुपये के गबन का मामला पकड़ा गया था, जिसमें स्टोर कीपर पर छह ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, इंसुलेटर स्टे रॉड आदि विभिन्न विद्युुत सामान भौतिक सत्यापन में गायब मिला था। इसके लिए दो सदस्यी जांच टीम भी गठित की गई थी। जिसमें यह मामला स्पष्ट रुप से पकड़ में आ गया था। इसके बाद विद्युत विभाग हरकत में आया और विद्युत स्टोर के सहायक अभियंता नरेंद्र श्रीवास ने आलाधिकारियों के आदेेश पर उक्त स्टोर कीपर अजय साहू के खिलाफ गबन की धारा के तहत थाना कोतवाली में मामला पंजीकृत कराया था। इसके बाद विद्युत स्टोर झांसी के अधिशासी अभियंता राजीव अग्रवाल की संस्तुति पर बुधवार को विद्युत वितरण खंड ललितपुर के अधिशासी अभियंता डीआर विमलेश ने उक्त स्टोर कीपर अजय साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि निलंबन की अवधि में उक्त स्टोर कीपर विद्युुत उपखंड कार्यालय चतुर्थ तालबेहट में संबद्ध रहेंगे। वहीं, इसी के चलते अधिशासी अभियंता राजीव अग्रवाल ने उक्त स्टोर कीपर के अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति के बाद विद्युत भंडार केंद्र के अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर झांसी विद्युत भंडार केंद्र के सहायक भंडारी प्रशांत श्रीवास्तव को अस्थाई रुप से अग्रिम आदेशों पर विद्युत भंडार केंद्र का कार्य प्रभार सौंपा है।