केंद्र पर हुई नकल तो व्यवस्थापक पर होगी एफआईआर
ललितपुर। 06 फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा 2018 आयोजित होनी है। जनपद में आयोजित इस बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन व सुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीआईओएस वीरेंद्र कुमार दुबे ने समस्त केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा शुरू होने में मात्र एक माह का समय शेष बचा हुआ है। उन्होंने समस्त केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने केंद्रों पर फर्नीचर, सीसीटीवी कैमरे, पेयजल और शौचालय आदि की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित कर लें। इसके साथ ही शासन की मंशा के अनुसार जनपद में नकल विहीन कराने के कड़े निर्देश दिए हैं और चेतावनी भी दी है कि यदि परीक्षा के दौरान किसी केंद्र पर नकल प्रकरण संज्ञान में आता है तो कठोर अनुशासनात्मक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी और ऐसे केंद्र व्यवस्थापकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ललितपुर ने नकल अधिनियम की धारा-3 का कड़ाई से पालन करने व परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की पुरजोर वकालत की है। बैठक में उन्होंने परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों की ग्रेडिंग कराए जाने की भी बात कहीं। जिस परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं उत्कृष्ट प्रकार की पाई जायेंगी उन केंद्र व्यवस्थापकों को पुरस्कृत करने का भी आश्वासन दिया।