अज्ञात वाहन की टक्कर से एक की मौत, दो घायल
ललितपुर। नाराहट थानांतर्गत गोना गांव स्थित हाइवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल युवकों को झांसी रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर तीन युवक बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे पर जा रहे थे, तभी गोना के गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों अज्ञात युवक घायल हो गए। घायलों को मालथौन नेशनल हाईवे एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया वहीं दो युवकों की हालत गंभीर देख झांसी रेफर कर दिया। मृतक की शिनाख्त सतवांसा गांव निवासी दयाराम पुत्र देशपत के रूप में हुई है वहीं एक घायल की पहचान सतवांसा निवासी वली पुत्र कनई के रूप में कर ली गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।