कुएं में मिला युवक का शव
दैलवारा/ ललितपुर। पुलिस चौकी दैलवारा अंतर्गत एक गांव में युवक का शव कुएं में पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम दैलवारा निवासी प्रमोद पुत्र रामकिशन मजदूरी करता था। सोमवार की शाम को घर से निकलने के बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा, जिस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। मंगलवार की दोपहर में उसका शव गांव के बाहर कु एं में उतराता मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर गई व शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक के परिवार में उसकी बुआ है, जो ललितपुर में रहती है और ग्राम दैलवारा में बुआ का आना-जाना रहता है। मृतक की बुआ फूलवती ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के ही कुछ लोग उसके भतीजे को सोमवार की शाम को ट्रैक्टर मे लकड़ियां भरवाने के लिए अपने साथ ले गए थे। ट्रैक्टर की लकड़ियां उसके भतीजे के ऊपर गिर जाने से वह दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई और उसके शव को कुएं में फेंक दिया। इस मामले में दैलवारा पुलिस चौकी इंचार्ज रामकृपाल सिंह ने बताया कि जो भी आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।