ललितपुर। गल्ला मंडी में नीलामी चबूतरे पर रखे सैकड़ों बोरों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों, पल्लेदारों और किसानों ने अपने-अपने साधनों से आग पर काबू पाया, हालांकि सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच, लेकिन तब तक काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया।
गल्ला मंडी में नीलामी चबूतरा संख्या पांच पर कुछ व्यापारियों व किसानों का गेहूं रखा है। मंगलवार की दोपहर में करीब सवा बजे अचानक यहां रखे बोरों से धुुआं उठता दिखाई दिया और तेजी से धुुुआं बढ़ता देख व्यापारियों व किसानों में अफरा- तफरी मच गई। देखते ही देखते आग बुझाने के लिए व्यापारियों, पल्लेदारों व किसानों ने प्रयास शुरु कर दिए। जिसे जहां, जो भी साधन मिला, उसने उनमें पानी भरकर या फिर अन्य साधनों से आग बुझाने लगे। कुछ व्यापारियों ने तत्काल वाहन से जाकर पास में ही एक पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्यूसर यंत्र ले आए और आग बुझाने लगे। करीब बीस से पच्चीस मिनट में आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। जानकारी मिलने पर फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने यहां बीड़ी पीकर फेंक दी होगी, जिससे तेज गर्मी में गेहूं के बोरों के रेशों ने आग पकड़ ली।