चप्पलों की माला पहनाने के मामले में पांच पर मुकदमा दर्ज
ललितपुर। थाना महरौनी की पुलिस चौकी कुम्हैड़ी अंतर्गत ग्राम लरगन में एक युवक को चप्पलों की माला पहनाकर उसकी फोटो फेसबुक पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आज पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम लरगन निवासी सपा कार्यकर्ता अमर सिंह लोधी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 24 मई को दोपहर करीब बारह बजे गांव में एक दुकान पर सामान लेने गया था। उस दुकान पर पांच लोग सोबरन, गंधर्व सिंह, रामेश्वर, पवन, रामरतन ने उसके गले में चप्पलों की माला पहनाई और कहा कि यह व्यक्ति सपा का है। इस तरह कहकर उसको अपमानित किया गया। जब उसकी पत्नी को पता चला कि उसने उक्त लोगों से इस बात का उलाहना दिया, तो इन लोगों ने उसे भी गालियां दीं और मारपीट पर आमादा हो गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों सोबरन, गंधर्व सिंह, रामेश्वर शुक्ला, पवन और रामरतन के खिलाफ धारा 147, 352, 504, 500 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मालूम हो कि सपा कार्यकर्ता की फोटो वायरल होने पर सपा के पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर यादव, पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा और सपा जिलाध्यक्ष ज्योतिसिंह लोधी द्वारा इसकी कड़ी आलोचना करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामला तूल पकड़ने के बाद अब महरौनी थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।