45.67 लाख के बकाएदार 228 लोगों के कनेक्शन काटे
ललितपुर।
विद्युत विभाग द्वारा गठित की गई छह टीमों द्वारा शहर के विभिन्न मुहल्लों में राजस्व वसूली अभियान चलाया गया और बकाएदारी होने पर बृहस्पतिवार को 45.67 लाख रुपये के बकाएदार 228 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। करोड़ों रुपये की राजस्व वसूली होने पर विभाग द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
शहर में घरेलू और कॉमर्शियल श्रेणी के करीब 25 हजार उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत कनेक्शन लेकर बिजली का उपभोग किया जा रहा है। लेकिन बहुत से उपभोक्ताओं द्वारा समय से बिलों का भुगतान जमा नहीं करने के कारण करोड़ों रुपये बकाया भी चल रहा है। जबकि उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन द्वारा विभाग द्वारा हर माह का लक्ष्य देकर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए जा रहे हैं और बकाया वसूली की समीक्षा की जा रही है। इसी के चलते बृहस्पतिवार को अधिशासी अभियंता डी विमलेश कुमार के नेतृत्व में शहर में राजस्व वसूली के लिए छह टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा मुहल्लों में जाकर राजस्व वसूली के लिए अभियान चलाया गया। इसमें रावतयाना मुहल्ला में एसडीओ चतुर्थ तालबेहट के नेतृत्व में टीमों ने अभियान चलाया। मुहल्ला रामनगर मेें बांसी अवर अभियंता रमेश कुमार, तालाबपुरा में रमाकांत के नेतृत्व में, आजादपुरा और गांधीनगर में अवर अभियंता पंकज मौर्य, चांदमारी मुहल्ले में अवर अभियंता मोहित सोनी और मुहल्ला लक्ष्मीपुरा में सहायक अभियंता राजस्व महेश चंद्र के नेतृत्व में अभियान चलाया गया है। बृहस्पतिवार को मुहल्लों में अलग-अलग छह टीमों द्वारा अभियान शुरू होते ही लोगों में हड़कंप मच गया। टीमों द्वारा बकाएदारों की सूची के साथ मीटर रीडरों की मदद से उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर बिल मांगे गए और दस हजार रुपये से अधिक बकाया होने पर विभाग द्वारा तत्काल मौके पर ही बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। मीटर खराब होने या घरों के अंदर लगे होने पर नए मीटर घरों से बाहर लगाए गए। बृहस्पतिवार को चलाए गए अभियान में कुल 45.67 लाख रुपये के बकाएदार 228 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। जबकि 49 लाख रुपये की राजस्व वसूली की गई और 51 मीटर बदले गए। विभाग की इतनी बड़ी कार्रवाई होने और कनेक्शन कटने के बाद विभागीय उच्चाधिकारियों के पास सिफारिशों का दौर भी शुरु हो गया, जबकि बहुत से उपभोक्ता सामर्थ्य अनुसार तत्काल बिल जमा करने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और भुगतान जमा कराकर कनेक्शन जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कर अपना कनेक्शन जुड़वाया।
979 उपभोक्ताओं पर 3.75 करोड़ बकाया
बिजली विभाग द्वारा शहर में दस हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों की सूची तैयार की गई है, जिनका ओके स्टेटस है यानी इनका मीटर आदि सब सही है, लेकिन समय से बिल जमा नहीं करने पर इनका बकाया बढ़ता जा रहा है। विभाग द्वारा तैयार सूची में 979 उपभोक्ताओं पर तीन करोड़ 75 लाख 76 हजार 153 रुपये का विद्युत बिल बकाया चल रहा है। यह सभी उपभोक्ता घरेलू और कॉमर्शियल श्रेणी के अंतर्गत आते हैं। अब विभाग द्वारा इन उपभोक्ताओं से भी वसूली की तैयार शुरू कर रही है। शीघ्र ही विभाग द्वारा इन उपभोक्ताओं से वसूली के लिए अभियान चलाया जाएगा।