कई महिलाओं की कटी चोटी
महरौनी। ग्राम दिगवार में एक और महिला की चोटी कटने का मामला प्रकाश में आया है। कंचनपुरा निवासी सुनील बुनकर की पत्नी पुष्पा देवी बुनकर (32 वर्ष) ग्राम दिगवार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह वह अपने आंगनबाड़ी केन्द्र पर महिलाओं को पंजीरी बांट रही थी और लगभग साढे दस बजे जब वह खाना खाने के लिये अंदर कक्ष में गयीं तो उसकी चोटी अचानक से कट गयी। महिला ने फोन पर अपने भाई को इसकी जानकारी दी और उसके साथ अपने घर आ गयी।
महरौनी के कंचनपुरा मुहल्ला निवासी राखी गुप्ता (उम्र 22 वर्ष) पुत्री स्व.शिवमूर्ति लाल गुप्ता बचपन से ही मानसिक रूप से अर्द्ध विक्षिप्त है। बृहस्पतिवार की रात वह अपने घर के कमरे में अपनी भाभी के साथ टीवी देख रही थी। राखी के भाई भानू गुप्ता के मुताबिक लगभग साढे आठ बजे राखी जोर से चिल्लाई। जब परिजन उसके पास गये तो देखा कि उसकी चोटी से कुछ बाल कट कर जमीन पर गिरे थे।
छिल्ला और केलगुवां में भी हुई घटनाएँ महरौनी- महरौनी तहसील क्षेत्र के ग्राम केलगुवां और छिल्ला से भी महिलाओं की चोटी कटने की खबरें सामने आयी हैं। छिल्ला निवासी जसोदा(32) पत्नी जगभान रैकवार की चोटी कटने से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी थी।वहीं, केलगुवा में गीता साहू(38) पत्नी चन्द्रभान साहू और ऊषा (40) पत्नी हरीशंकर योगी की भी चोटी कटने से गांव की महिलाएं सकते में हैं।इस तरह अकेले में महिलाओं की चोटी कटने का सिलसिला थम नहीं रहा है ।
मिठाई की दुकान से लड्डू के नमूने लिए
महरौनी। त्योहार के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार दोपहर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. एन.त्रिपाठी के निर्देशन में कस्बा महरौनी के मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई से मिठाई के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानों की शटर गिराकर भाग गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कस्बा स्थित मड़ावरा रोड, इंदिरा चौराहा, मुख्य बाजार, बानपुर चौराहा स्थानों पर मिठाई व किराने की दुकानों पर छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य बाजार स्थित बंटी मिष्ठान भंडार से बूंदी के लड्डू के नमूने लिये और दुकानदार को केमिकल युक्त रंग मिठाई न डालने के निर्देश दिए। एक किराने की दुकान पर भी छापा मारा गया लेकिन मौके से दुकानदार नदारद था। ऐसे में दुकान के कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गयी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।