व्याना नाले में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत नेहरू नगर मुहल्ला निवासी दो मासूम बच्चों की व्याना नाले में शनिवार की दोपहर डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनो मासूम अपने माता-पिता की एकलौते पुत्र थे। मासूमों की मौत की खबर पाते ही दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
नेहरू नगर निवासी तिलक (14) पुत्र लाखन परिहार और चीलू उर्फ नीरज (11) पुत्र मंगल सिंह अपने एक अन्य साथी के साथ शनिवार की दोपहर खेल रहे थे। इसी दौरान तीनों सिद्घन रेलवे क्रासिंग के पास स्थित व्याना नाले के पास जा पहुंचे और नाले में उतरकर नहाने लगे। इसी दौरान पैर फिसल जाने के कारण दोनों गहरे पानी में जा पहुंचे और डूबने लगे। यह देख तीसरा साथी घर की ओर तेजी से भागा और परिजनों को घटना से अवगत करवाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। काफी देर की मसक्कत के बाद तिलक का शव निकाल लिया और जिला अस्पताल पहुंचाया।
वहीं कुछ देर बाद नीरज का शव भी पुलिस ने बरामद कर लिया।दोनों के शव नाले से निकालकर जिला अस्पताल लाए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों ने घटना की जानकारी ली। वहीं मासूमों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। मृतक तिलक के पिता ऑटो ड्राइवर हैं और तिलक अपने माता -पिता का एकलौता पुत्र है। वहीं नीरज के पिता दिल्ली में कार्य करते हैं और नीरज भी अपने पिता का एकलौता पुत्र है। बेटों की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।