ललितपुर। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम नदनवारा निवासी एक युवक बंदरों को भगाने के लिए पटाखे जला रहा था, लेकिन पास में पॉलिथीन में रखे सुतली बम में एक साथ आग लग गई, जिससे उसका मुंह और दोनों हाथों की हथेलियां बुरी तरह से झुलस गईं। यह देख परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम नदनवारा निवासी पुष्पेंद्र ने अपने खेत में सब्जी लगाई है। उसके खेत में रोजाना बंदरों के कई झुंड खेत की सब्जी बर्बाद कर रहे थे। इसी के चलते वह बुधवार को सुतली बम वाले कई पटाखे लेकर आया और पटाखों की पॉलिथीन में से एक पटाखा निकालकर जला रहा था, तभी उस पटाखे से निकली चिंगारी से पॉलिथीन में रखे अन्य पटाखों में लग गई, जिससे वहां पटाखों का विस्फोट हो गया और पास में बैठे पुष्पेंद्र के दोनों हाथों की हथेलियां बुरी तरह से झुलस गईं, मुंह भी पटाखों की आग से झुलस गया। यह देख आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाई और मौके पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसके एक हाथ में तीन अंगुलियां अलग हो गई हैं।