ललितपुर। मुहल्ला गांधी नगर में गत दिवस विस्फोटक सामग्री खाने से गाय के मुंह में विस्फोट से हुई गाय की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने और गौवंश की सुरक्षा के लिए कांजी हाउस की फिर से स्थापना की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सदर रमेश चंद्र को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को ज्ञापन में कहा गया कि मुहल्ला गांधीनगर में गत दिवस एक गाय की विस्फोटक पदार्थ फटने से मौत हो गई थी। इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा नगर क्षेत्र में घूम रहे आवारा गौवंश की सुरक्षा के लिए कांजी हाउस फिर से संचालित कराया जाए। साथ ही इसके रखरखाव की पूर्ण व्यवस्था की जाए, ताकि गायों को इधर-उधर न भटकना पड़े। ज्ञापन में कहा गया कि नगर का पशु चिकित्सालय एक डाक्टर और तीन सहायकों के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे बीमार पशुओं की देखभाल में परेशानी आती है। पशु चिकित्सालय में लाखों रुपये की एक्स-रे मशीन, रक्त परीक्षण मशीन की व्यवस्था तीन वर्ष पूर्व हो गई थी, लेकिन यहां पशु चिकित्सकों की कमी के कारण पशुओं को लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पशु चिकित्सालय में स्टाफ की कमी को दूर करने की मांग की। इसके अलावा सरकारी चारा केंद्र खोलने, क्षेत्र के तालाब, पोखर एवं जगह- जगह जानवरों के पीने के पानी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन पर रत्नेश तिवारी, विनोद मिश्रा, अंकुर रावत, अंशुल वैद्य, विनोद प्रजापति, धर्मपाल, आशीष तिवारी, दीपक वैद्य, अनूप पस्तोर, रुपेश साहू, रमन चौरसिया, अतुल कुशवाहा, रवि विश्वकर्मा, ध्रुव सिंह, विक्रांत रावत, आकाश यादव, राजेंद शर्मा, अरविंद सोनी, अरस्तु उपाध्याय, शुभम कौशिक, ललित कौशिक, देवेंद्र साहू, लवली शर्मा, रामबाबू राजपूत आदि उपस्थित रहे।