कलेक्ट्रेट में कोर कमेटी की समीक्षा करते जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने कोविड- 19 की कोर कमेटी की बैठक में निर्देश दिए कि तालबेहट के कोविड अस्पताल में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एक अवर अभियंता को तैनात किया जाए। उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट में हुई बैठक में उन्होंने अब तक कोविड मरीजों को पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गौना पीएचसी में एक रैपिड चेकिंग सेंटर स्थापित किया जाए, ताकि जनपद की सीमा में आने वाले वाहनों के यात्रियों का टेस्ट कराया जा सके। जनपद में स्थापित विभिन्न स्टेटिक टेस्टिंग बूथों एवं मोबाइल टीमों द्वारा अधिक से अधिक एंटीजन टेस्ट कराए जाएं। सीएमओं ने बताया कि जनपद में कुल 214 एक्टिव मरीज हैं। विगत 24 घंटे में 251 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। आरटीपीसीआर, ट्रू- नेट एवं एंटीजन के माध्यम से अब तक कुल 21754 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 21504 सैंपलों की रिपोर्ट आ चुकी है। 21031 निगेटिव व 473 पॉजिटिव हैं। आठ मृतक हैं तथा 250 परिणाम लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने सभी कोविड मरीजों को पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड-19 की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में जो भी पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं, उनके घरों पर पोस्टर चिपकाया जाए, ताकि लोगों को पता चल सके कि इस घर में कोविड पॉजिटिव मरीज है। उस घर के आसपास नियमित रूप से सैनिटाइजेशन कराया जाए तथा गांव में मुनादी भी कराएं।
- एंबुलेंस सेवाओं में सुधार नहीं होने के कारण जिलाधिकारी ने कहा कि अर्ध शासकीय पत्र शासन को लिखा जाए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।