ललितपुर। परिजनों से हुई कहासुनी के बाद युवक ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी पत्नी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम पिपरट निवासी अंकित (23) पुत्र मेघराज का रविवार सुबह किसी बात को लेकर अपने परिजनों से कहासुनी हो गई। इसके बाद अंकित ने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। पति के बाद घर में मौजूद उसकी पत्नी दीक्षा (20) ने भी विषाक्त का सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत में सुधार हो रहा है।