संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट-कड़ेसराकलां। राजमार्ग पर कमलवारा के पास कपास लेकर जा रहे ट्रक का अगला टायर फटने से ट्रक सड़क किनारे पलट गया। इस घटना में चालक ट्रक में फंस गया। उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। चालक की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रविवार को एक ट्रक नागपुर से कपास लेकर हरियाणा के कैथल जा रहा था। शाम करीब चार बजे कड़ेसराकलां के मजरा कमलवारा के समीप उसका अगला टायर फट गया। जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण न रख सका और वह सड़क से नीचे गिर गया। इस घटना में ट्रक चालक बेअंत सिंह (54) निवासी कारीवाली फरीदकोट पंजाब, ट्रक में बुरी तरह से फंस गया। जानकारी पर तत्काल कोतवाली पुलिस और पीआरबी वैन मौके पर पहंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे सीएचसी तालबेहट भेज दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद ट्रक में भरे कपास की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने घटना की सूचना ट्रक चालक के परिजनों को भेज दी है।