ललितपुर। जिले में कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 92.84 प्रतिशत पहुंच गया है। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह जानकारी दी है। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने कोविड अस्पतालों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोविड अस्पतालों में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए।
सीएमओ ने बताया कि जनपद में कुल 155 एक्टिव केस हैं। मरीजों का रिकवरी रेट 92.84, सीएफआर 1.52 तथा पॉजिटिव रेट 2.12 प्रतिशत है। एल-1 अस्पताल में 13, एल-2 में 12, एल-3 में 06 तथा होम आइसोलेशन में आज 07 मरीज भेजे गए हैं। इस पर डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में कांटेक्ट ट्रेसिंग में और अधिक प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. हुसैन खान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 582 सर्विलांस टीमे गठित की जा चुकी हैं, साथ ही आरआरटी टीमों द्वारा कार्य किया जा रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी ने अवगत कराया कि संचारी रोग अभियान के तहत जनपद में प्रतिदिन टीम द्वारा निरीक्षण कर मच्छरों का लार्वा नष्ट किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा बताया गया कि नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई एवं सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष) डॉ अमित चतुर्वेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हुसैन खान, डॉ. डीसी दोहरे, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, डॉ. राजेश भारती सहित चिकित्सा विभाग के अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।