ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को संक्रमितों का रिकार्ड टूट गया, इससे जिले में एक दिन में सर्वाधिक 90 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस तरह अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1424 हो गई है। और एक की मौत हो गई। जिससे अब तक 21 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बढ़ते संक्रमण ने जनपदवासियों को बेचैन कर दिया है। मंगलवार को अब तक के एक दिन में सर्वाधिक 90 व्यक्तियों में संक्रमण पाया गया। इनमें जिला अस्पताल के एक चिकित्सक भी संक्रमित हैं। शहर के मोहल्ला तालाबपुरा में 32 व्यक्तियों में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मोहल्ला आजादुपरा में 16, नझाई बाजार में चार, सिविल लाइन में पांच, चौबयाना में चार, जेल चौराहा निवासी एक, संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा कलक्ट्रेट में कार्यरत एक कर्मचारी, सिद्दनपुरा निवासी एक, चांदमारी निवासी तीन, चौका बाग निवासी दो, रेलवे कॉलोनी निवासी एक विजया बैंक के तीन व्यक्ति, गांधीनगर निवासी तीन व्यक्ति, महावीरपुरा निवासी एक व्यक्ति संक्रमित है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में महरौनी के छायन निवासी एक, मैगांव निवासी एक, बिरधा निवासी दो और धौर्रा निवासी एक और मध्यप्रदेश के चंदेरी निवासी एक संक्रमित पाया गया। ब्लॉक जखौरा के ग्राम जिजयावन में एक, बम्हौरीकलां निवासी एक पॉजिटिव पाया गया है।
एक युवक की मौत
ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम अंधेर निवासी एक 26 वर्षीय युवक 30 अगस्त को कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद इलाज को उसे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान 31 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को 90 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संक्रमितों को उपचार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। वहीं, बीते दिनों संक्रमित मिले एक व्यक्ति की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी