ललितपुर। शहर के चौबयाना मोहल्ला की निवासी एक कोरोना संक्रमित वृद्ध महिला की मौत हो गई। जिस समय उसकी मौत हुई तब तक उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं आई थी। इसके चलते मोहल्ले के लोग सामान्य तौर पर अंतिम संस्कार भी शामिल हुए। मोहल्लेवालों को उसके संक्रमित होने की सूचना तब मिली, जब विभाग ने संक्रमितों की सूची जारी की। इससे उन लोगों में हड़कंप मच गया जो अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। इस घटना से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए हैं।
एक और जहां कोरोना संक्रमण को लेकर बचाव के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। ऐसा एक मामला मोहल्ला चौबयाना में सामने आया है। यहां की 80 वर्षीय वृद्ध महिला जिला अस्पताल में बीते रविवार को उपचार के लिए आई थी। इसके बाद परिजनों ने महिला को होम आइसोलेट करा लिया। रविवार की रात्रि में ही महिला की मौत हो गई, इसकी सूचना परिजनों ने न तो स्वास्थ्य विभाग को दी और न ही अन्य लोगों को दी। मृत्यु की सूचना पाकर आसपास के लोग व उनके रिश्तेदार अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एकत्रित हो गए। सोमवार को सामान्य शव की तरह अंतिम संस्कार कर दिया गया। जब घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को लिखित में मिली तो अफसरों के होश उड़ गए. क्योंकि जांच के दौरान कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी, वहीं, स्थानीय लोगों को संक्रमित होने की जानकारी विभाग की प्रकाशित सूची से हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है।
----
इस प्रकरण की जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी सामने आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डा प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी