ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल बुधवार की सुबह बैरक में हालत बिगड़ने से बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। साथी कर्मचारियों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला औरैया के थाना फफूंद के ग्राम गनूकापुरवा निवासी रामबिहारी पुत्र राजाराम कपाढ़िया ललितपुर में पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर पांच वर्ष से तैनात था। मंगलवार की शाम को उसने अपने परिजनों ने व रिश्तेदारों से मोबाइल पर बातचीत कर हालचाल जाना, फिर खाना खाने के बाद अपनी बैरक में रात में सोने चला गया। देर रात अचानक उसकी हालत खराब हो गई और वह बेसुध होकर जमीन पर पड़ा रहा। सुबह जब उसके साथी उसकी बैरक में पहुंचे तो उसे बेसुध पड़ा देखा तो उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने सिपाही का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। मृतक के बेटे रणजीत ने बताया कि पापा ने मंगलवार की शाम को सवा चार बजे फोन पर परिवार का हालचाल जाना था। बुधवार की सुबह उनकी मौत की सूचना मिली। जिसका विश्वास नहीं हो रहा है। मृतक के दो बेटे व दो बेटियां हैं।