ललितपुर। पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक और युवतियों को एक वर्ष का ओ लेवल एवं तीन माह का सीसीसी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शर्त यह है कि वह किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति न लेता हो।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद्र राय ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए शैक्षिक योग्यता न्यूनतम इंटरमीडिएट हो, साथ ही अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा रुपये एक लाख तक हो व अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। ऐसे अभ्यर्थियों को ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण, जिसकी अवधि 01 वर्ष एवं सीसीसी प्रशिक्षण, जिसकी अवधि 03 माह की होगी। अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट http://backwardwelfare.up.nic.in ,oa obccomputertraining.upsdc..gov.in पर दिए गए लिंक पर लॉगिन करें। 25 जुलाई 2021 तक शिक्षित बेरोजगार युवक/युवती ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संबंधित आवेदक द्वारा ऑनलाइन आवेदन का प्रिंट आउट प्राप्त करके अपने हस्ताक्षर कर अभिलेखों, जिसमें जाति, आय प्रमाण पत्र बोर्ड ऑफ रेवेन्यू/ई-डिस्ट्रिक्ट की वेबसाइट पर होना चाहिए, जिसे आवेदन पत्र के साथ संलग्न करें। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल अंक पत्र, प्रमाण पत्र, इंटर अंकपत्र और प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति सहित हार्डकापी दो प्रतियों में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय विकास भवन कमरा नंबर-29 में निर्धारित 25 जुलाई की शाम पांच बजे तक जमा करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश/समय सारिणी उक्त वेबसाइट पर देखे जा सकते हैं।