परिजन बोले- अज्ञात कारण के चलते की आत्महत्या, पुलिस जांच मेंं जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कस्बा पाली के मोहल्ला कुरयाना निवासी 46 वर्षीय गौतम बाल्मीकि ने आत्महत्या कर ली। उसका शव शनिवार की रात को घर के दरवाजे के बीच चौखट पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया।
मृतक के भतीजे करन ने बताया कि शनिवार की रात में उसके चाचा गौतम बाल्मीकि खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। रात लगभग साढ़े नौ बजे छोटे भतीजे करन ने दरवाजे की चौखट पर चाचा का शव रस्सी के सहारे फंदे पर लटका देखा। परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदा से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे करन ने आत्महत्या का कारण अज्ञात बताया है।
मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह अविवाहित था। थाना पाली प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच कराई जा रही है।