संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन। चढ़रऊ गांव में हर तरफ गंदगी ने डेरा जमा लिया है। ग्रामीण मजबूरन गंदगी के माहौल में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में महीनों से सफाई नहीं हुई है। संबंधितों को जानकारी देने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने गांव में सफाई कराने की मांग की है।
गांवों में सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बाद भी सफाई व्यवस्था चौपट है। तहसील महरौनी के करीब 3500 आबादी वाले ग्राम चढ़रऊ की स्थिति भी ऐसी है। यहां गडरियना, बड़े मंदिर के पास, गढ़ मोहल्ला सहित गांव में महीनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है। सार्वजनिक स्थान पर कूड़े के ढेर लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नालियां बजबजा रही हैं। हैंडपंप व सड़क के आसपास गंदगी फैली रहती है। नाली का गंदा पानी गांव के रास्तों पर बहता रहता है।
इससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है विभाग के अधिकारी से कई बार शिकायत के बाद भी हालात में बदलाव नहीं आया। उन्होंने आशंका जताई कि गांव में सफाई न होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है।
चढ़रऊ गांव में गंदगी की जानकारी है। अभियान चलाकर पूरे गांव में एक साथ साफ-सफाई करवाई जाएगी। - वासु बुंदेला, ग्राम विकास अधिकारी ग्राम चढ़रऊ