ललितपुर। नगर सीमा के अंतर्गत वार्डों में तैनात स्वास्थ्य नायकों से लेकर सफाई कर्मचारियों तक में भारी फेरबदल किया गया है। वहीं, बालिका इंटर कॉलेज स्थित बावड़ी की सफाई का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
बोर्ड बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था के प्रति नाराजी व्यक्त कर दोनों सफाई और खाद्य निरीक्षकों को अपने कार्य में सुधार लाने, नियमित निरीक्षण करने एवं स्वास्थ्य नायकों को दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी सौंपने की मांग की थी। इसके क्रम में दोनों सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों ने अपने-अपने वार्ड पार्षदों से सफाई कार्य के प्रति सुझाव मांगे गए तथा समस्या के निस्तारण हेतु कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। नगर पालिकाध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बताया कि सफाई कार्य पर प्रतिमाह 91.10 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। सफाई कार्य के लिए दोनों सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों की मांग पर 50 सफाई कर्मचारी और बढ़ाये जा रहे हैं, जिन पर प्रतिमाह चार लाख रुपये खर्च होने की संभावना है। इसके बावजूद कई वार्डों में सफाई व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है, जिसे काबू में लाया जाना आवश्यक है। अध्यक्ष के निर्देश पर दोनों सफाई और खाद्य निरीक्षकों ने अपने-अपने वार्ड पार्षदों से संपर्क कर वार्ड की समस्याओं को संज्ञान में लेेते हुए फेरबदल किया गया है।
वार्ड नंबर-1, 2, 3, 4, 6, 12, 13, 17, 19 व 23 के पार्षदगण सफाई और खाद्य निरीक्षक की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं। वार्ड नंबर पांच के पार्षद द्वारा अपने वार्ड में एक कर्मचारी की कमी बताई। वार्ड नंबर 7 के पार्षद ने कांशीराम कालोनी में दो कर्मचारियों को तैनात किए जाने की मांग की। वार्ड नंबर नौ में सेवानिवृत्ति के फलस्वरूप एक कर्मचारी की कमी बतायी गई। वार्ड नंबर 11 व 21 के स्वास्थ्य नायकों को वार्ड पार्षद की मांग पर बदल दिया गया है। वार्ड नंबर 15 के पार्षद द्वारा दो कर्मचारियों की कमी बताई गई है। वार्ड नंबर 8 के पार्षद ने एक कर्मचारी बढ़ाने और स्वास्थ्य नायक को बदले जाने की मांग की। वार्ड नंबर 10 में दो महिला संविदा सफाई कर्मचारी और आउटसोर्सिंग के चार कर्मचारी बदलने की मांग की गई है। वार्ड नंबर 14 में एक कर्मचारी बदलने की मांग की गई है तथा पार्षद की मांग पर स्वास्थ्य नायक को हटाया गया है। वार्ड नंबर 16 में स्वास्थ्य नायक को हटा दिया गया है। वार्ड नंबर 18 में दो सफाई कर्मचारी बढ़ा दिए गए हैं और स्वास्थ्य नायक को हटा दिया गया है। वार्ड नंबर 20 में एक कर्मचारी बदल दिया गया है। वार्ड नंबर 22 में दो कर्मचारी बढ़ा दिए गए हैं। वार्ड नंबर 24 के पार्षद की मांग पर स्वास्थ्य नायक को हटा दिया गया है। वार्ड नंबर 19 में पार्षद की मांग पर स्वास्थ्य नायक को हटा दिया गया है। वार्ड नंबर 14 के पार्षद मु. इदरीश राईन ने बोर्ड बैठक के दौरान मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रामकुमार लवानियां को चीफ का पद सृजित नहीं होने के बावजूद इस निकाय में कार्य करने का आरोप लगाया था, जिस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्हें अवगत करा दिया गया कि शासन के निर्देशानुसार निकाय में मुख्य सफाई और खाद्य निरीक्षक का पद सृजित किया गया है। रामकुमार लवानियां को इसी निकाय में तैनात कर कार्यभार संभालने के आदेश दिए गए हैं। बैठक में आवारा जानवरों की समस्या पर विचार करते हुए कांजी हाउस का निर्माण करने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है और शीघ्र ही आवारा जानवरों को पकड़ने वाले वाहन (कैटल कैचर) मंगाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज स्थित बावड़ी की सफाई का कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। यह भी संज्ञान में आया है कि जल संस्थान द्वारा पूर्व में इस बावड़ी में विद्युत मोटर के माध्यम से मुहल्ला मऊ ठाना, बजरिया, चौबयाना आदि में पेयजल की आपूर्ति की जाती थी। विगत वर्षों में जल संस्थान के कर्मचारी विद्युत मोटर खराब होने पर उसे निकाल कर ले गए तथा दोबारा वापस नहीं लाए। इस पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को विद्युत मोटर लगाने व नजदीकी मुहल्लों में जलापूर्ति बहाल करने के संबंध में पत्र लिखा गया है। मच्छरों की रोकथाम के लिए पालिका में पुरानी फॉगिंग मशीन को दुरुस्त कराने व नई फॉगिंग मशीन खरीदने के निर्देश दिए गए।
चेतावनी दी गई
नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल और अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने दोनों सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों, स्वास्थ्य नायकों व सफाई कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार लाने तथा टीम वर्क के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। अन्यथा की स्थिति में संबंधित को विभागीय कार्रवाई का परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
नगर में बढ़ाए जाएंगे 50 सफाई कर्मचारी
नगर पालिका में तैनात दोनों मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों ने शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 50 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की। इस पर पालिका अध्यक्ष ने कर्मचारियों को बढ़ाने के लिए स्वीकृति दे दी है। वर्तमान में तैनात सफाई कर्मचारियों के वेतन के बोझ के कारण नगर पालिका के विकास कार्य ठप पड़े हैं। बढ़ाए जाने वाले 50 सफाई कर्मचारियों को वेतन देना विभाग के लिए चुनौती साबित होगा, क्योंकि बढ़ाए गए कर्मचारियों को मानदेय का प्रतिमाह चार लाख रुपये का अतिरिक्त भार विभाग के कंधों पर आ जाएगा।