ललितपुर। प्रधानमंत्री-जन आरोग्य योजना को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाभार्थी को जन आरोग्य कार्ड वितरण करने की कवायद शुरू कर दी गई है। जन आरोग्य कार्डों को आशा, आंगनबाड़ी कर्मचारियों द्वारा लाभार्थियों के घर पहुंचा कर जागरूक किया जा रहा है। इस कार्ड से सीधे गोल्डन कार्ड जारी हो सकेंगे। इन कार्डों के माध्यम से गरीब परिवार पांच लाख रुपये तक का इलाज करा सकेंगे।
जिले के अधिकांश आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना के लाभार्थियों को पात्रता की जानकारी नहीं है, जिससे योजना को गति नहीं मिल पा रही थी। जिस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लाभार्थी को जागरूक करने के लिए जन आरोग्य कार्ड/प्लास्टिक कार्ड दिए जा रहे हैं। कार्ड से लाभार्थी केवल आधार कार्ड ले जाकर किसी भी सहज जनसेवा केंद्र से आयुष्मान भारत योजना का गोल्डन कार्ड जारी करा सकते हैं। इसके लिए परिवार के मुखिया का होना जरूरी नहीं हैं। बीते माहों में कार्ड जारी करवाने के लिए परिवार के मुखिया की आवश्यकता होती थी, जिससे अब लाभार्थी को निजात मिल गई है। जिले में नौ हजार कार्ड शहरी क्षेत्र में वितरित किए जा रहे हैं।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 37 हजार दौ सौ बत्तीस कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। इन कार्डों को सीएससी व पीएससी पर जन प्रतिनिधियों के माध्यम से वितरित कराया गया। शेष बचे जन आरोग्य कार्डों को शहरी क्षेत्र में आंगनबाड़ी कर्मचारियों के माध्यम से लाभार्थियों के घर पर पहुंचाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता आशा बहुओं द्वारा लाभार्थी के घर पर दिया जाएगा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में लाभार्थी प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का उपचार करा सकता है। यह इलाज सरकारी और चयनित प्राईवेट अस्पतालों में किया जाएगा। चिकित्सालय में मरीजों की सहायता के लिए आरोग्य मित्रों की तैनात किए गए हैं। जो मरीजों के अस्पताल आने पर गोल्डन कार्ड जारी करेंगे। योजना से पूर्व से चल रही बीमारियों का इलाज भी किया जाएगा। इलाज के दौरान दवा, जांच जैसे कि एक्स-रे इत्यादि नि:शुल्क होंगे। देश के अन्य राज्यों से सूचीबद्ध अस्पतालों में भी चिकित्सा की सुविधा दी जाएगी।
वर्तमान में यह है स्थिति
जिले में 46 हजार 02 सौ 32 आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी है। योजना का शुभारंभ पांच माह पूर्व किया गया। तब से अब तक केवल 13 हजार 06 सौ अढ़सठ लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड जारी हुए है। इसके साथ ही पांच माह में केवल 96 मरीजों को योजना से लाभांवित हुए हैं।
यह अस्पताल हैं चिह्नित
जिला संयुक्त चिकित्सालय, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बार, एचबीएम हॉस्पिटल, जनता चिल्ड्रन हॉस्पिटल और आष्युष्मान हॉस्पिटल शामिल हैं।
लाभार्थी को गोल्डेन कार्ड बनवाने में सुविधा होगी
ललितपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में बृहस्पतिवार को सदर विधायक रामरतन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के अंतर्गत नगर के लाभार्थी परिवारों को आरोग्य-प्लास्टिक कार्ड वितरित किए गए। इस प्लास्टिक कार्ड की सहायता से लाभार्थी को गोल्डेन कार्ड बनवाने में सुविधा होगी। प्लास्टिक कार्ड वितरण में किसी प्रकार का शुल्क लाभार्थी परिवारों से नहीं लिया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्र दुबे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश भारती, डिस्ट्रिक्ट इम्प्लीमेंट यूनिट के डिस्ट्रिक्ट सिस्टम मैनेजर रामनरेश, डिस्ट्रिक्ट ग्रीवांस मैनेजर चंद्रमा सिंह, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कोर्डिनटोर डॉ. दीपक अग्निहोत्री मौजूद रहे।
यह मिलेंगी सुविधाएं
योजना के लाभार्थी को सरकारी व चयनित निजी अस्पतालों में मिलेगा उपचार
अस्पताल में मरीजों की सहायता के लिए आरोग मित्र रहेंगे तैनात
सेकेंडरी व कैंसर जैसी गंभीर 1350 बीमारियां को किया गया शामिल
परिवार के सदस्यों व की संख्या व आयु सीमा एवं लिंग की बाध्यता नहीं है।
जन आरोग्य कार्ड / प्लास्टिक कार्ड से योजना के पात्र होनेे की जानकारी हो सकेगी। इसके साथ ही लाभार्थी इस कार्ड से सीधे गोल्डन कार्ड जारी करा सकता है।
- डॉ. प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी