ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए बनाए गए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शोपीस साबित हो रहे हैं। इनमें अभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शुरुआत में विभिन्न क्षेत्रों में 94 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले गए थे। इसके बाद 60 और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को स्वीकृति मिली। विभाग ने इन सभी सेंटरों के लिए भवनों का निर्माण करा दिया। मार्च 2024 से इनमें स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जानी थीं, लेकिन, अब तक सीएचओ की नियुक्ति नहीं हो सकी है।
-
4.80 करोड़ से किया गया निर्माण
स्वास्थ्य विभाग ने 60 ग्राम पंचायतों में भवन का निर्माण कराया है। प्रत्येक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण लगभग आठ लाख रुपये की लागत से कराया गया है। कुल 60 भवनों का निर्माण 4.80 करोड़ रुपये से किया गया है। यह सभी भवन वर्तमान में कर्मचारियों की नियुक्ति की राह देख रहे हैं।
-
60 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनकर तैयार हो गए हैं। कर्मचारियों की नियुक्ति होने के बाद इन्हें संचालित कराया जाएगा।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ