ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार थम नहीं रही है। लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। शुक्रवार को जांच के दौरान पांच वर्षीय बालिका समेत छह व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शन सेंटरों से 1766 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें 686 सैंपल आरटीपीसीआर जांच को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज भेजे गए हैं। वहीं ट्रूनॉट किट से दस और एंटीजन किट से 1070 सैंपल लिए गए। इनमें बीते दिनों की आरटीपीसीआर किट के आए सैपलों में पांच व्यक्ति व एंटीजन से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
संक्रमितों में सभी ग्रामीण क्षेत्र के निवासी है। इनमें ब्लॉक जखौरा के कस्बा निवासी एक, ग्राम बुढ़वार, लागौन निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ब्लॉक बार के ग्राम बुरागांव निवासी दो व्यक्ति और ब्लॉक बिरधा अंतर्गत ग्राम टीला निवासी एक व्यक्ति कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में चार को होम आइसोलेट किए गए और एक को एल-2ख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में भर्ती कराया गया है। एक संक्रमित अन्य जनपद का निवासी है।
----------
1322 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी
अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3085 पहुंच गई है। इनमें 46 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। हालांकि 2947 संक्रमित स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। वर्तमान में 92 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। वहीं बीते पांच दिनों से आरटीपीसीआर जांच को भेजे गए 1322 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
------
शुक्रवार को विभिन्न सैंपल बूथ कलेक्शनों से लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट में छहव्यक्ति संक्रमित मिले। संक्रमितों को सुविधा अनुसार उपचार मुहैया कराया जा रहा है।
- डॉ. जेएस वक्शी, प्रभारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
-------
तीन संक्रमित क्षेत्र बने माइक्रो कंटेनमेंट जोन
ललितपुर। शहर क्षेत्र में कोरोना कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर तीन क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किए गए हैं। इनमें शहर के मोहल्ला कटराबाजार, सिविल लाइन, लक्ष्मीपुरा आदि संक्रमित क्षेत्र माइक्रो कंटेनमेंट जोन क्षेत्र बने हैं। संक्रमित क्षेत्र में बिना जांच के किसी व्यक्ति को अंदर जाने व बाहर आने की अनुमति नही हैं। इसके अलावा शहर गांधीनगर, आजादपुरा, रावतयाना, बड़ापुरा के दो संक्रमित क्षेत्र में व ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक जखौरा के ग्राम आलापुर व सिलगन के संक्रमित क्षेत्र में 14 दिन तक संक्रमित न मिलने पर कंटेनमेंट जोन हटाया गया है।