ललितपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए रैनबसेरों में रुकने वाले यात्रियों की जांच कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में कोर कमेटी बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सर्दी बढ़ने पर संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है, ऐसे में रैनबसेरों में रुके यात्रियों की जांच करायी जाए, साथ ही निगरानी टीमें भी प्राइवेट क्लीनिकों पर आने वाले संदिग्ध मरीजों की निगरानी करते रहें। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 1766 व्यक्तियों की जांच की गई। इसमें छह संक्रमित मिले। वहीं, दस संक्रमितों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। उन्होंने कोविड अस्पतालों व होमआइसोलेशन के मरीजों के स्वास्थ्य की रिपोर्ट लेते रहें। नोडल अधिकारी डोर टू डोर सर्विलांस प्रतिदिन अपनी निगरानी में सर्वे का कार्य कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, प्रभारी सीएमओ डॉ. जेएस वक्शी, सीएमएस (पुरुष) डॉ. अमित चतुर्वेदी, सीएमएस (महिला) डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, डीआईओएस रामशंकर, एसीएमओ डॉ. हुसैन खान, डॉ. डीसी दोहरे, डॉ. राजेश भारती, डीआईओ पीयूष चंद्र राय मौजूद रहे।