ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में तीस मार्च उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन बच्चों को रिजल्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे। साथ ही मेधावी छात्रों, नियमित उपस्थित रहने वाले छात्रों, बेहतर कार्य करने वाले अध्यापक, विद्यालय प्रबंध समिति के सक्रिय सदस्य व रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा।
मार्च माह के समाप्त होने के साथ शैक्षिक सत्र का भी समापन होने जा रहा है। इसे ध्यान में रखकर राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान आशीष कुमार गोयल ने परिषदीय विद्यालयों में तीस मार्च को उत्सव आयोजित करने के निर्देश बीएसए को दिए हैं। इस दिन शिक्षा का अधिकार मेला, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के ठहराव के लिए किए जा रहे प्रयासों से अभिभावकों को अवगत कराया जाएगा।
इस संबंध में बीएसए एसपी यादव ने खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा- निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित करने की रूपरेखा बनाना आरंभ कर दिया है।
रिजल्ट कार्ड पाने को आतुर बच्चे
सालों बाद बच्चों को रिजल्ट कार्ड मिलने जा रहे हैं। इस बात को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देेेखा जा रहा है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने के बाद धनराशि के अभाव में बच्चों को रिजल्ट कार्ड मिलना बंद हो गए थे। महत्वपूर्ण बात यह है कि जो बच्चे परीक्षा में शामिल हुए हैं, केवल उनके ही रिजल्ट कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। गैर हाजिर बच्चों को रिजल्ट कार्ड देेने का मामला शासन के विचाराधीन है।