- कचहरी परिसर में जाम से निजात के लिए तलाशा वैकल्पिक मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कचहरी परिसर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत विकास भवन के पीछे से चांदमारी की ओर नया सीसी सड़क मार्ग बनाने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने मार्ग का निरीक्षण कर नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बस्तों के पास आड़े तिरछे वाहन रखे रहने की वजह से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जिला प्रशासन द्वारा कई बार यहां समस्या के निस्तारण के प्रयास किए, लेकिन जाम का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अब जिलाधिकारी ने विकास भवन के पीछे उपकृषि निदेशक कार्यालय के पास से चांदमारी क्षेत्र की ओर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग बनाने का निर्णय लिया है, ताकि कचहरी परिसर में जाम होने की स्थिति में विकास भवन के अधिकारियों के वाहन चांदमारी क्षेत्र से निकल सकें। इससे अधिकारियों को भी बैठक में आने जाने में लेट लतीफी से राहत मिल सकेगी और दूसरा वैकल्पिक मार्ग भी खुला हो सकेगा। इसके लिए जिलाधिकारी सत्यप्रकाश में मंगलवार को विकास भवन के पीछे के कच्चे मार्ग का निरीक्षण किया और इस वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।