ललितपुर। भाजपा नेता पर कटिंग कराने के दौरान फावड़ा व धारदार हथियारों से हमला कर लहूलुहान करने के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाजपा जिला कार्यकारिणी व सांसद निगरानी समिति दिशा समिति के सदस्य गब्बर अहिरवार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि तीस अगस्त को दोपहर दो बजे वह सेविंग/कटिंग कराने सन्नू सेन की दुकान रावतयाना आया था। तभी पहले से घात लगाए बैठे मोहल्ला गोविंद नगर निवासी खालिद उर्फ बादशाह पुत्र युसूफ खान, रिफाद पुत्र युसूफ खान, अरवाज उर्फ शूटर ने उसे गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहने लगे कि तुझे बहुत घमंड हो गया है, बहुत नेता बनता है। जब उसने गाली देने से मना किया तो सभी ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से उस पर फावड़े एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आईं। लोगों को आता देख वे सभी लोग उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में तीनों आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-अजय कुमार, सीओ सिटी।
भाजपा नेता पर हमले की निंदा की, कार्रवाई की मांग
ललितपुर। भाजपा कार्यालय पर जिला इकाई की बैठक में पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान में दिशा के सदस्य गब्बर अहिरवार पर हमले की कड़ी निंदा की गई। भाजपा नेता बब्बू राजा बुंदेला ने कहा कि यह योगी की सरकार है, जिसमें गुंडे, बदमाशों, अपराधियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि या तो वे सुधर जाएं या प्रदेश छोड़ दें। ऐसे में अराजक तत्वों द्वारा भाजपा नेता पर हमला सरकार की अपराधियों के खिलाफ चल रहीं कार्रवाई की सोच के विपरीत है। प्रशासन को ऐसे अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए कि नजीर बन सके। पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी ने कहा कि प्रशासन से आग्रह करते हैं कि वह अपराधियों के खिलाफ कड़ी-से-कड़ी कार्रवाई कर के उन्हें यह एहसास कराएं कि यह भाजपा की सुशासन सरकार है। इसमें अपराधियों के लिए या तो जेल में जगह है या प्रदेश से बाहर रहें। इस अवसर पर रमेश कुमार सिंह लोधी, जिला मंत्री ध्रुव सिंह सिसौदिया, दीपक पाराशर, अमन द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी देवेंद्र गुरु, अजय जैन, अभिषेक सोनी, रुपेश साहू, जगमाल सिंह राजपूत आदि उपस्थित रहे। संवाद