संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घर के बाहर से नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ ले जाने और शादी करने का दबाव बनाते हुए डेढ़ माह तक अपने पास रखकर शारीरिक शोषण करने के मामले में युवक सहित चार आरोपियों पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना बानपुर अंतर्गत एक ग्राम निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि 30 मार्च की रात करीब दस बजे जब वह घर के बाहर थी तो गांव के दो युवक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बाइक से ललितपुर ले गए। यहां रेलवे स्टेशन पर उसे रात को रखा और सुबह दोनों आरोपी उसे तुवन के पास ले गए। यहां उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी एक आरोपी ने दी। उससे शादी न करने पर परिवार को जान से मार देने की बात कही। इसके बाद दोनों आरोपी उसे टीकमगढ़ स्थित एक कॉलोनी में रखे रहे। यहां एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी उसे करीब डेढ़ माह तक अकेला रखा और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। आरोपी युवक के पिता और भाई टीकमगढ़ आते और उसे धमकी देते हुए अपने पुत्र के साथ शादी करने का दबाव बनाते थे। आरोपियों की धमकी से वह डर गई और इसका फायदा उठाकर आरोपी उसका शारीरिक शोषण करता रहा। किसी प्रकार 17 मई को उसने अपनी मां से फोन पर संपर्क किया और कॉलोनी से भागकर अपने घर पहुंची। पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। तहरीर में आरोप लगाया कि अभी भी आरोपी धमकियां दे रहे हैं कि उससे शादी नहीं की तो उसके परिवार को जान से मार देंगे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल सहित आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।