ललितपुर। मड़ावरा एसडीएम द्वारा पकड़ी गई 140 बोरी यूरिया के मामले में जिला कृषि अधिकारी ने टीकमगढ़ निवासी वाहन स्वामी समेत दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने थाना मड़ावरा में तहरीर दी। बताया कि 23 जुलाई की रात में उप जिलाधिकारी ने मदनपुर रोड स्थित रवि पेट्रोल पंप एक आयशर गाड़ी, जिस पर 140 बोरी यूरिया एनएफएल (किसान) लदी हुई थी, उससे एक ट्रैक्टर-ट्राॅली पर पलटी कराई जा रही थी। उप जिलाधिकारी ने यूरिया लदे वाहन को थाने में लाकर थानाध्यक्ष को इसकी सूचना दी थी। अपर जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार, कृषि विभाग के अंतिम बिरला, रामनारायन चौरसिया के साथ 24 जुलाई को थाने पहुंचकर उर्वरक की जांच की। उक्त वाहन के चालक व मालिक अनुपस्थित रहे। इससे यह पता नहीं चल पाया कि उक्त यूरिया कहां से लाई गई। इससे प्रतीत हुआ कि यूरिया कालाबाजारी के लिए मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। मड़ावरा पुलिस ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ डोंगरा रोड निवासी वाहन स्वामी सुरेंद्र कुमार जैन एवं अज्ञात चालक के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।