ललितपुर। जिला कारागार में बंदी से मिलाई करने आए आदिवासी युवक से मारपीट के आरोप में जेल के सिपाही के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
थाना पूराकलां के ग्राम चौबारा सारसेड निवासी राकेश सहरिया ने न्यायालय एडीजे/विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट को प्रार्थना पत्र दिया था। बताया था कि 19 मई को वह कारागार में निरुद्ध अपने परिचित गांव के जगभान सिंह से मिलने पत्नी व मां के साथ आया था। वह पुरुषों की लाइन में लगा हुआ था, जबकि मां महिलाओं की लाइन में लगी थी। पत्नी बाहर लाइन से अलग बैठी हुई थी। कारागार में तैनात कांस्टेबल जेके कुशवाहा ने उसे लाइन से खींच लिया और गाली दी। तीन चार तमाचे मारे और जमीन पर गिराकर लात घूसों से मारपीट करने लगा। जब उसकी मां व पत्नी ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी अभद्रता कर गाली गलौज की। यह पूरी घटना जिला कारागार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उसने जेल अधीक्षक और कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब न्यायालय के आदेश पर सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।