बार/पुलवारा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़िया गांव में शनिवार शाम कार सवार लोगों ने होमगार्ड के बंद मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित तोरन यादव होमगार्ड हैं और ललितपुर शहर में यातायात ड्यूटी पर हैं। उनके पुत्र बृजेंद्र यादव ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ललितपुर में रहकर बिल्डिंग मैटेरियल आपूर्ति का काम करता है। आरोप है कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की कार में सवार छह-सात लोग गांव पहुंचे। आरोप लगाया कि दबंगों ने पहले घर के आसपास दो-तीन बार निकले फिर घर के बाहर चबूतरे पर बैठे उसके चाचा के तेरह वर्षीय लड़के से उसके छोटे भाई सत्यपाल यादव का मोबाइल नंबर मांगा तो उसने अपने मोबाइल से फोन लगाया जिस पर उन्होंने बात नहीं की और सत्यपाल उर्फ सोनू का मोबाइल नंबर लिया। फोन कर खुद को फ्लिपकार्ट से बताते हुए पार्सल लेने की बात कही। सत्यपाल मौके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद आरोपियों ने उसके बंद मकान पर फायरिंग शुरू कर दी और कार से मौके से भाग निकले।
बृजेंद्र के मुताबिक मोहल्ले के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह ललितपुर से गढ़िया पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने करीब आठ से दस राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे प्रभारी थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास कर रहे हैं।
इनसेट
घटना की जांच की जा रही है, कार सवार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है।-आशीष मिश्रा,सीओ तालबेहट